किसान पर बाघिन का हमला, खेत में डाल रहा था खाद, हाथ,पैर और चेहरे में मारा पंजा

बिलासपुर। कोटा ब्लॉक के दवनपुर गांव में एक किसान पर बाघिन ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। किसान अपने खेत में खाद डाल रहा था।
जानकारी के अनुसार एटीआर के नजदीक पीपरखूंटी से लगे दवनपुर निवासी 42 वर्षीय संजय मरकाम अपने खेत में खाद डाल रहा था। इसी दौरान खेतों के बीच अचानक एक बाघिन ने उन पर हमला कर दिया। हमले में संजय के बाएं हाथ, बाएं पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घायल संजय को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बाघिन खेत के अंदर ही थी लेकिन किसान को वह दिखाई नहीं दिया। यह घटना अचानकमार टाइगर रिजर्व से सटे सामान्य वन क्षेत्र में हुई है। बाघिन के हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आपको बता दे कि इसके पहले 24 अगस्त को लोरमी के लक्ष्मण डोंगरी के पास जंगल में पुटू निकलने गए बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे नाम के युवक पर भी बाघिन ने हमला किया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। बाघिन के हमले की यह दूसरी घटना है।