Blog

कुल की फातिहा के साथ 96वें उर्स मुबारक का हुआ समापन, कव्वाली में उमड़ा जनसैलाब

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर,,,,ऐतिहासिक नगर रतनपुर में हज़रत सैय्यद मूसा शहीद रहमतुल्लाह अलैह के 96वें सालाना उर्स मुबारक का समापन कुल की फातिहा और विशेष दुआओं के साथ संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों अकीदतमंदों ने शिरकत कर अमन, भाईचारे और देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। उर्स के समापन अवसर पर आयोजित कव्वाली मुकाबले और मेले में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही
रतनपुर स्थित हज़रत सैय्यद मूसा शहीद रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह शरीफ उर्स के दौरान पूरी तरह रोशनी से जगमगा उठी। रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से सजी मजार और दरगाह परिसर की खूबसूरती श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। रात के समय पूरा परिसर रूहानी और मनमोहक वातावरण में डूबा नजर आया।
उर्स के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान ने किया वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि में हज कमेटी के सदस्य सैय्यद मकबूल अली, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मुशर्रफ़ खान, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर हनीफ खान, जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण ऐजाज खान, आनंद पाठक इत्यादि अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ
दरगाह कमेटी के द्वारा सभी अतिथियों को फूल-माला एवं (निशाने मुसा शहीद) स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने दरगाह परिसर में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने सीसी रोड एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की।रात्रि में आयोजित भव्य कव्वाली मुकाबले में मशहूर कव्वाल हबीब पेंटर एवं उनकी टीम ने सूफियाना कलाम, मनकबत और कव्वालियों की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कव्वाली की महफिल में मौजूद हजारों लोग देर रात तक झूमते रहे और पूरा मैदान खचाखच भरा रहा।उर्स मेले में भी लोगों का भारी उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि खिलौनों, मनिहारी और अन्य दुकानों व लंगर खाना खाने लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी रही। उर्स के दौरान रात भर शाही लंगर चलता रहा बिलासपुर के युवाओं ने हर साल की तरह इस साल भी साही लंगर का बेहतरीन इंतजाम करते हुए लोगों को रात भर लंगर खिलाया
उर्स मुबारक के दौरान रतनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। अंत में कुल की फातिहा के साथ उर्स का विधिवत समापन किया गया तथा देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *