खपरगंज हिंसा पर पुलिस की सख्ती, 4 और आरोपी गिरफ्तार,फरार आरोपियों की तलाश तेज

बिलासपुर।खपरगंज विवाद मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उपद्रव और बवाल के इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन नई गिरफ्तारियों के साथ ही अब तक पुलिस की गिरफ्त में आए कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नए गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अक्षय सिंह, मोहनीश गोस्वामी और सदानंद साहू घटना की शुरुआत के दौरान ही मौके पर मौजूद थे और विवाद बढ़ाने में इनकी भूमिका रही है।
इधर, गिरफ्तार किए गए आरोपियों को आज भारी सुरक्षा के बीच जिला न्यायालय में पेश किया गया। नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक ले जाने के दौरान सड़क पर कड़ा पुलिस पहरा नज़र आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी, सीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मुस्तैद रहे।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक-एक उपद्रवी की पहचान की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी रामसिंह समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।