खपरगंज हिंसा में बड़ा एक्शन…..मुख्य आरोपी सुहैल खान गिरफ्तार….नागपुर से लौटते ही पुलिस ने दबोचा

बिलासपुर।खपरगंज में हुए बवाल के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे सुहैल खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक,नागपुर से बिलासपुर लौटते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
दरअसल रक्षाबंधन की रात दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। मारपीट और पथराव के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े लोगों की पहचान शुरू की और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं।
सुहैल खान की तलाश में पुलिस पिछले करीब तीन दिनों से संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान उसके नागपुर में होने की जानकारी सामने आई। बिलासपुर लौटते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका और दूसरे आरोपियों से उसके संबंधों की जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अलग-अलग प्रकरणों में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल बाकी लोगों की पहचान कर रही है।
खपरगंज में हुए विवाद के बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की थी।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।