Blog

खामोश है शहर का फूल बाजार

गेंदा शांत, गुलाब,कमल की मांग सुस्त

बिलासपुर- शांत है गेंदा। गुलाब थोड़ा-थोड़ा। हल्की मांग कमल में। राहत दे रहा है जसवंत का फूल लेकिन माला की खरीदी को लेकर भक्तों की अरुचि से हैरत में है शहर का फूल बाजार।

नवरात्रि का पर्व आधा बीत चुका है लेकिन पहली बार फूल बाजार बेरौनक नजर आ रहा है। उम्मीद अब सप्तमी, अष्टमी और नवमी से है, जब भक्तों की भीड़ और मांग बढ़ेगी फूल और माला में लेकिन ताजा रुझान को देखते हुए फूल बाजार ने फूल उत्पादक क्षेत्रों से अग्रिम खरीदी कम करने का मन बना लिया है।


शांत है गेंदा

नवरात्रि के लिए विशेष तैयारी करता है फूल बाजार। मांग और रुझान गेंदा के फूलों एवं माला में ही ज्यादा रहती है लेकिन पहली बार गेंदा का फूल 100 से 200 रुपए किलो पर स्थिर है, तो गेंदा की माला 30 से 40 रुपए पर शांत है। नवरात्रि के नव दिवसों में पांच दिवस बीत चुके हैं लेकिन भक्तों की खरीदी जिस स्तर पर ठहरी हुई है, वह फूल बाजार को हैरत में डाल रही है।


कमल और गुलाब थोड़ा-थोड़ा

नवरात्रि पर गुलाब और कमल के फूलों में विशेष मांग रहती है लेकिन 10, 15 और 20 रुपए नग जैसी कीमत पर भी कमल में भक्तों की मांग कमजोर है। 20 से 30 रुपए प्रति नग जैसी कीमत पर गुलाब भी भक्तों की मांग की प्रतीक्षा कर रहा है। जसवंत में रुझान ने जरुर फूल बाजार को गुलजार किया हुआ है लेकिन आशा के अनुरूप डिमांड इसमें भी नहीं है।


भक्तों की प्रतीक्षा में माला भी

फूलों में कमजोर मांग का असर माला पर भी देखा जा रहा है। सामान्य फूलों की माला 30 से 40 रुपए पर बोली जा रही है, तो मिक्स फ्लावर की माला 60 से 150 रुपए पर स्थिर है। डिमांड इन दोनों मालाओं की भी नहीं है। इसलिए संभावित मांग को देखते हुए फूल बाजार तैयारी में है। बड़ा बदलाव यह कि फूलों के अग्रिम सौदे में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *