गिरजा चौक के पास कमर में छिपाकर रखा था धारदार चाकू…सात अन्य असामाजिक तत्वों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर। आगामी जन्माष्टमी एवं गणेश पर्व को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए तारबाहर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने गिरजा चौक के पास धारदार चाकू लेकर खड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से स्टील का एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आगामी त्योहारी आयोजनों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों तथा अवैध रूप से चाकू रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरजा चौक के पास एक व्यक्ति धारदार स्टील का चाकू लेकर खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक नग धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान विशाल देवांगन उर्फ विशु (27 वर्ष), निवासी नयापारा सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 315/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
सात अन्य असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई
तारबाहर पुलिस ने चाकू के साथ पकड़े गए आरोपी के अलावा क्षेत्र में सात अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी जन्माष्टमी और गणेश पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने अथवा किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।