चाकू लेकर राहगीरों को डरा रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यदुनंदन नगर तिफरा के पास हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से चाकू बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि यदुनंदन नगर तिफरा के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विनोद साहू, निवासी कुंदरापारा तिफरा, के रूप में की है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशाखोरी, चाकूबाजी या सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी प्रभावी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।