जल जीवन मिशन अधूरा, ढेंका गांव आज भी बूंद-बूंद को तरसा…

टंकी बनी, पानी नहीं-ढेंका में जल संकट बरकरार…
पानी टंकी तैयार,पाइपलाइन अधूरी-गांव में सप्लाई ठप…
बिलासपुर ।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का सपना अब भी कई जगह अधूरा नजर आ रहा है। ताजा मामला ग्राम पंचायत ढेंका का है, जहां जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन आज तक गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है।ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा पानी टंकी का निर्माण कर दिया गया, लेकिन पाइपलाइन बिछाने का कार्य अब तक अधूरा है। इसी वजह से टंकी बनने के बावजूद गांव के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें दूर-दराज से पानी लाना मजबूरी बन गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार और संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना का लाभ गांव वालों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी टंकी से जुड़े अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और पाइपलाइन बिछाकर गांव में नियमित जल सप्लाई शुरू की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर समाधान करता है। फिलहाल ग्रामीण शुद्ध पेयजल की आस में प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।