छत के रास्ते घर में घुसे चोर,70 हजार के जेवर-नकदी पार
परिवार पहली मंजिल पर सोता रहा
चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उड़ाया सामान
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के नगर फेस-2 में चोरों ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 70 हजार रुपये का माल पार कर दिया। घटना के समय परिवार पहली मंजिल पर सो रहा था। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
दरअसल मोपका चौक में मेडिकल दुकान संचालित करने वाले श्याम गुप्ता के अनुसार घटना देर रात करीब 1 बजे से सुबह 8:30 बजे के बीच हुई। परिवार के लोग पहली मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने की चार अंगूठियां, कनौटी, नथनी, गेहूं व मटर दाना आकार के आभूषण, चांदी की पायल, बिछिया और करीब 6 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह उठने पर परिजनों ने अलमारी का ताला टूटा देखा, जिसके बाद चोरी का पता चला। घटना की सूचना सरकंडा पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।