नाती की तबीयत खराब बताकर वृद्धा से साढ़े 3 तोला सोना ठगा
थाने से महज 100 मीटर दूर वारदात, ऑटो में बैठाकर ले गए खाली जगह
कागज में थमा दिया लोहे का चूड़ा
बिलासपुर। सरकंडा थाने से महज 100 मीटर दूर ठगों ने 66 वर्षीय महिला को नाती की तबीयत खराब होने की बात कहकर झांसे में लिया और साढ़े तीन तोला सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने महिला को ऑटो में बैठाकर बहतराई चौक के पास डी-मार्ट के पीछे खाली जगह में ले गए। वहां जेवर उतरवाने के बाद उन्हें कागज में लपेटकर वापस करने का झांसा दिया और फरार हो गए। महिला ने कागज खोला तो उसमें सोने के जेवर की जगह लोहे का चूड़ा मिला।
दरअसल राजकिशोर नगर निवासी रमंती उपाध्याय बुधवार की शाम करीब 6 बजे अपने नाती के साथ साड़ी खरीदने वसंत विहार चौक गई थीं। इसी दौरान दो युवक ऑटो से वहां पहुंचे और नाती की तबीयत खराब होने की बात कहकर महिला को गुमराह किया। महिला ने नाती को घर जाने के लिए कहा, लेकिन दोनों युवकों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और ऑटो में बैठाकर बहतराई चौक ले गए।इसके बाद आरोपी महिला को पैदल डी-मार्ट के पीछे खाली जगह में ले गए। वहां जेवर सुरक्षित रखने और बाद में वापस करने का झांसा देकर महिला से डेढ़ तोले की सोने की चेन, करीब 8 ग्राम की अंगूठी और लगभग दो तोले की सोने की चूड़ियां उतरवा लीं। एक आरोपी महिला से बातचीत कर उसका ध्यान भटकाता रहा, जबकि दूसरे ने जेवर कागज में लपेटने का नाटक किया। कुछ देर बाद दोनों ने कागज महिला को थमा दिया और वहां से फरार हो गए।
महिला ने कागज खोलकर देखा तो उसमें जेवर की जगह लोहे का चूड़ा था। इसके बाद उसने अपने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटा उन्हें लेकर सरकंडा थाने पहुंचा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी महिला को ऑटो से उतारकर अपने साथ ले जाते नजर आए। महिला की तबीयत बिगड़ने के कारण फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।