जबलपुर से पेंड्रा के लिए रवाना हुईं माँ मन्नत वाली महाकाली की दिव्य प्रतिमा,13 अक्टूबर को होगा भव्य आगमन

जीपीएम जिले के इतिहास में पहली बार जबलपुर के गाढ़ाफाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार ने तैयार की माँ महाकाली की भव्य प्रतिमा
आगमन यात्रा में देश के विभिन्न शहरों के कलाकार देंगे आकर्षक प्रस्तुतियाँ

*जबलपुर गाढ़ाफाटक महाकाली समिति के अध्यक्ष ने की सराहना*
बिलासपुर।पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में माँ मन्नत वाली महाकाली की भव्य आगमन यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। जबलपुर में तैयार की गई माँ महाकाली की दिव्य प्रतिमा पेंड्रा के लिए रवाना हो चुकी है। आगामी 13 अक्टूबर, मंगलवार को माँ मन्नत वाली महाकाली, जिन्हें श्रद्धालु प्रेमपूर्वक पेंड्रा की महारानी के नाम से पुकारते हैं, का भव्य आगमन होगा। जिले के धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में इस आयोजन को विशेष महत्व दिया जा रहा है। माँ के प्रथम दर्शन को लेकर भक्तों में भारी उत्सुकता बनी हुई है।

माँ महाकाली की प्रतिमा लेने जबलपुर पहुँचे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों की पहल की जबलपुर की प्रसिद्ध बड़ी महाकाली गाढ़ाफाटक से जुड़े वृहत महाकाली महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशिकांत गुप्ता (मुन्ना भैया) ने सराहना की।
उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि भक्त माँ के दरबार में स्वयं नहीं आते, बल्कि मैया उन्हें अपने दरबार में बुलाती हैं। छत्तीसगढ़ से इतनी दूर जबलपुर आकर माँ की महिमा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना और उनकी सेवा के लिए प्रतिमा लेकर जाना अपने आप में बड़ी बात है।

उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु नवरात्रि के दौरान जबलपुर के गाढ़ाफाटक स्थित माँ काली के दर्शन करने नहीं पहुँच पाते, वे अब पेंड्रा में माँ के दर्शन कर सकेंगे। यह भक्तों के लिए अत्यंत हर्ष और सौभाग्य की बात है।
प्रसिद्ध मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल ने तैयार की प्रतिमा
इस वर्ष माँ मन्नत वाली महाकाली की भव्य प्रतिमा का निर्माण जबलपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल द्वारा किया गया है। प्रतिमा निर्माण को लेकर उन्होंने भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य इतनी दूर से आकर माँ की सेवा में जुटे हैं, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। माँ के प्रति श्रद्धा और सेवा भावना ही ऐसे धार्मिक आयोजनों की सबसे बड़ी ताकत है।
13 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गौरेला से निकलेगी आगमन यात्रा
जगत जननी महाकाली सेवा समिति, कम्पनी गार्डन, स्टेट बैंक के बगल से, पेंड्रा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।

समिति के अनुसार, 13 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गौरेला से माँ की आगमन यात्रा प्रारंभ होगी। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए पेंड्रा नगर पहुँचेगी। मार्ग में विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा माँ का स्वागत किया जाएगा। धार्मिक उल्लास, भक्ति और जयकारों के बीच निकलने वाली यह यात्रा नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नटराज धुमाल पार्टी दुर्ग सहित देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
माँ के आगमन को यादगार बनाने के लिए इस बार भव्य शोभायात्रा में विशेष आकर्षणों की व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध नटराज धुमाल पार्टी, दुर्ग अपनी शानदार प्रस्तुति देगी। वहीं दिल्ली, प्रयागराज और बनारस से आने वाले कलाकार माँ महाकाली के नौ दिव्य स्वरूपों की जीवंत झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन कराएँगे।
शोभायात्रा में महाकाल अघोरी तांडव, शिव-पार्वती विवाह, बाहुबली हनुमान की झांकी तथा गोरिल्ला, भालू और भूतों की टोली जैसी आकर्षक प्रस्तुतियाँ भी शामिल रहेंगी। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी, एलईडी वॉल, फायर शो और माँ महाकाली का विशेष फेस रिवील कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
समिति का उद्देश्य इस आगमन यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक वैभव और भव्य प्रस्तुतियों का यादगार संगम बनाना है।
रात्रि 8 बजे जैन मोहल्ला तिराहे पर होगा विशेष आयोजन
आगमन यात्रा के दौरान पेंड्रा नगर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। कार्यक्रम के तहत रात्रि 8 बजे जैन मोहल्ला तिराहे पर गंगा आरती सहित विशेष आयोजन प्रस्तावित हैं। माँ के दिव्य स्वरूप के दर्शन और भव्य प्रस्तुतियों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति ने श्रद्धालुओं से की अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील
मन्नत वाली महाकाली की भव्य आगमन यात्रा मार्ग
दिनांक: 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार
दोपहर 2:00 बजे — खेरमाई चौक, गौरेला
दोपहर 3:00 बजे — संजय चौक, गौरेला
शाम 4:00 बजे — न्यू बस स्टैंड, पेंड्रा
शाम 5:00 बजे — टॉकीज रोड, पेंड्रा
शाम 7:00 बजे — बजरंग चौक, पेंड्रा
रात्रि 8:00 बजे — जैन मोहल्ला तिराहा, पेंड्रा (विशेष आयोजन एवं गंगा आरती)
जगत जननी महाकाली सेवा समिति के सदस्यों ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से 13 अक्टूबर को आयोजित माँ मन्नत वाली महाकाली की भव्य आगमन यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि माँ के आगमन को ऐतिहासिक, भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को माँ के स्वागत, पूजन-अर्चन और दिव्य दर्शन का अवसर मिलेगा। माँ मन्नत वाली महाकाली की जयकारों से पेंड्रा नगर को भक्तिमय बनाने की तैयारियाँ अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।