Blog

जहरीली शराबकांड में आंखों की रोशनी गंवाई

पानी समझ कीटनाशक पीने से अधेड़ की मौत

कोनी के लोफंदी गांव की घटना

2025 में जहरीली शराब पीने से चली गई थी आंखों की रोशनी

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम लोफंदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में जहरीली शराबकांड के दौरान आंखों की रोशनी गंवा चुके अधेड़ की कीटनाशक पीने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर के बाहर बैठे राजकुमार पटेल 56 वर्ष ने पानी समझकर पास में रखा कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सिम्स लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान करीब दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
ग्राम लोफंदी में 5 से 8 फरवरी 2025 के बीच हुए जहरीली शराबकांड में 8 लोगों की मौत हुई थी। इसी घटना में देवांगन पारा निवासी राजकुमार पटेल भी जहरीली शराब पीने के बाद अपनी आंखों की रोशनी गंवा बैठे थे। इसके बाद से वह खेती-किसानी का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार शनिवार को राजकुमार घर पर ही थे और बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने पास में रखी कीटनाशक की सीसी को पानी समझकर उसमें मौजूद दवा पी ली। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। वे उन्हें लेकर सिम्स पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक गलती से पीने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की सीसी बरामद कर मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *