पेंशन कार्ड बनाने भेजा फर्जी लिंक, खाते से 3.56 लाख रुपए पार
फेसबुक लिंक के जरिए हासिल की बैंक जानकारी
एसबीआई कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर की ठगी
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में रिटायर्ड कर्मचारी को ऑनलाइन पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने फेसबुक पर फर्जी लिंक भेजकर पहले बैंक खाते और मोबाइल से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद एसबीआई कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर फोन किया और बैंक व एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी लेकर ज्वाइंट खाते से 3 लाख 56 हजार 298 रुपए ट्रांसफर कर लिए।
सकरी निवासी मोहित गोड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 सितंबर को उन्हें फेसबुक पर ऑनलाइन रिटायर्ड पेंशन कार्ड बनवाने का एक लिंक मिला था। पेंशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया समझकर उन्होंने लिंक खोलकर उसमें मांगी गई जानकारी भर दी। इसके बाद उसी रात एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। उसने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और पेंशन कार्ड की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगी।
आरोपी ने मोहित से अकाउंट नंबर, नाम और मोबाइल नंबर के अलावा एटीएम कार्ड की जानकारी और पासवर्ड भी पूछ लिया। जानकारी देने के कुछ ही समय बाद उनके एसबीआई ज्वाइंट खाते से 3 लाख 56 हजार 298 रुपए ट्रांसफर हो गए। खाते से रकम निकलने का मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला।
इसके बाद मोहित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और मामले की जानकारी सकरी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए लिंक, मोबाइल नंबर और रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।