ट्रेन में 5.40 लाख के जेवर उड़ाने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार,तीसरी आरोपी फरार

बिलासपुर। ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की दो महिला सदस्यों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 5.40 लाख रुपए कीमत के चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद किए हैं। गिरोह की तीसरी महिला सदस्य फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार वारदात करीब डेढ़ महीने पहले अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में हुई थी। तीन महिलाओं ने एक महिला यात्री को घेरकर धक्का-मुक्की का नाटक किया। इसी दौरान नागपुर रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय महिला के हैंडबैग से सोने के भारी जेवर चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद पीड़िता ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान ट्रेन और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध महिलाओं के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई। घेराबंदी कर दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए। मामले में गिरोह की तीसरी सदस्य रितु उर्फ संतोषी बसोड़ फरार बताई जा रही है। जीआरपी उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।