9 घंटे घूम-घूमकर पी शराब,रात में कार सवार दो युवकों के साथ कहां गया पता नहीं,तीसरे दिन तालाब में मिली लाश

मित्र जोया खान ने सकरी पुलिस को बताया अपने साथ
बीते हुए पल की दास्ता
बिलासपुर।सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी स्थित मुरूम खदान से बने तालाब में मंगलवार सुबह 28 वर्षीय युवक की लाश तैरती मिली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक रविवार दोपहर से रात तक अपने एक साथी के साथ घूम-घूमकर शराब पी रहा था। रात करीब 9 बजे वह कार सवार दो युवकों से बातचीत करने लगा। इसके बाद उसने साथी को अपना मोबाइल और स्कूटी देकर घर भेज दिया। तीन दिन बाद उसकी लाश तालाब में मिली। मामले में पुलिस मृतक के साथ रहे साथी से पूछताछ कर रही है।
सकरी पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह पेंडारी के मुरूम खुदान तालाब में लाश तैरती देखी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान सागर पासी पिता स्व शंभू पासी (28) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि सागर रविवार को घर आया था और कुछ देर रुकने के बाद स्कूटी लेकर निकल गया था। वह चोरभट्ठी निवासी जोया खान पिता अकबर खान 25 के साथ था। पुलिस ने जोया को बुलाकर पूछताछ की।
सप्ताह में 2-3 बार ही आता था घर
परिजनो ने पुलिस को बताया कि सागर सप्ताह में दो-तीन बार ही घर आता था और अधिकांश समय बाहर रहता था। रविवार सुबह वह कहीं से घर आया और कुछ देर रुकने के बाद फिर निकल गया।
कोरी डेम से पेंडारी तक शराब पीते रहे
जोया ने पूछताछ में बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे सागर उसके घर आया था। दोनों शराब खरीदकर कोटा के कोरी डेम गए और शाम करीब साढ़े चार बजे तक शराब पी। लौटते समय गनियारी शराब दुकान से शराब खरीदी और पेंडारी के तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पीते रहे।इसी दौरान कार सवार दो युवक वहां पहुंचे और सिगरेट मांगी। सागर उनके पास जाकर बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद सागर ने मोबाइल स्विच आफ होने की बात कहते हुए अपना मोबाइल और स्कूटी जोया को देकर घर भेज दिया। इसके बाद सागर के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं होने की बात जोया ने पुलिस को बताई।
मर्ग कायम,शव डिकंपोज हो चुका
पुलिस के अनुसार शव करीब तीन दिन पुराना होने और पानी में रहने के कारण डिकंपोज हो चुका है। इससे शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और सागर के साथ आखिरी समय तक रहे जोया से पूछताछ की जा रही है।
पूर्व के भी किन्नरो का हुआ था विवाद,फिर हत्या
सकरी थाना अंतर्गत ही कुछ महीने पहले किन्नरों का आपसी विवाद हुआ था उसके बाद दूसरे दिन एक किन्नर की लाश मिली थी।पुलिस ने मामले में जांच करते हुए किन्नर को पकड़कर जेल भी दाखिल किया था।यही कारण है कि सकरी पुलिस इस तरीके से भी किन्नरों से पूछताछ और पुरानी रंजिश के अलावा संबंधित लोगो से भी पूछताछ करने में जुटी हुई है।