Blog

ट्रैफिक चालान ने बढ़ाई परेशानी, माफी के लिए थाने पहुंच रहे लोग,कोर्ट भेजे जा रहे प्रकरण

बिलासपुर। ट्रैफिक नियमों की कार्रवाई के बाद चालान माफ कराने वालों की भीड़ यातायात थाने में जुटने लगी है। रिटायर कर्मचारी से लेकर मजदूर और महिलाएं तक चालान की राशि कम कराने या वाहन छुड़ाने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर दो महिलाएं यातायात थाने पहुंचीं और चालान माफ करने की मिन्नतें करती रहीं।

पुलिस के अनुसार, चालान का भुगतान नहीं करने पर प्रकरण सीधे न्यायालय भेजा जा रहा है।थाने के बाहर एक महिला काफी देर तक रोती रही। वह चालान की राशि अधिक होने के कारण भुगतान करने में असमर्थता जता रही थी। महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से चालान की राशि कम करने या माफ करने की गुहार लगाती रही। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे संभाला।

शराब के नशे में पकड़ा गया था महिला का भाई

महिला का भाई देर रात को लिंक रोड पर शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, जांच में उसके शरीर में अल्कोहल की मात्रा 106 दर्ज हुई थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय भेज दिया था। इसके बाद महिला वाहन छुड़ाने के लिए यातायात थाने पहुंची थी।

नशे में वाहन चलाने पर 10 हजार का जुर्माना,700 से ज्यादा वाहन जब्त

पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के दौरान वाहनों को जब्त कर प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, कई वाहन चालक जुर्माने की राशि जमा कर वाहन नहीं छुड़ा पा रहे हैं। कुछ वाहन पुराने होने के कारण उन्हें छुड़ाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसके चलते अलग-अलग थानों और यातायात थाने में 700 से अधिक वाहन खड़े हैं।कार्रवाई को लेकर वाहन चालकों की परेशानी बढ़ रही है। कई लोग एक ही दिन में अलग-अलग चालान होने और पहली गलती पर भी भारी जुर्माना लगाए जाने की शिकायत लेकर यातायात थाने पहुंच रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि नियमों के तहत दर्ज प्रकरणों में थाने स्तर पर चालान माफ करने का प्रावधान नहीं है और न्यायालय भेजे गए मामलों का निराकरण वहीं से होगा।

वर्जन
प्रकरण पहले ही न्यायालय भेजा जा चुका था। इसलिए थाने से वाहन छोड़ना संभव नहीं था। महिला को यह बात समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह वाहन छोड़ने की मांग करती रही।

रामगोपाल करियारे
एएसपी ट्रैफिक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *