डायल 112 की तत्परता से जहर सेवन पीड़िता को मिला समय पर उपचार, बची जान
बिलासपुर/गौरेला। प्रातः लगभग 06:30 बजे डायल 112 गौरेला को सूचना मिली कि ठाड़पथरा क्षेत्र में एक महिला ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया है।
सूचना मिलते ही डायल 112 फाल्कन-1 की टीम में तैनात आरक्षक क्रमांक 179 वीरेंद्र गर्ग एवं चालक मनोज राठौर बिना समय गंवाए तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए और ठाड़पथरा, थाना गौरेला पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर महिला ललिता बाई पति लल्लन सिंह पाव, उम्र 40 वर्ष जहर सेवन के प्रभाव में जमीन पर पड़ी हुई थी। महिला को उल्टियां हो रही थीं तथा उसके मुंह से झाग निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 टीम द्वारा तत्काल परिजनों के साथ महिला को जिला चिकित्सालय गौरेला पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार हेतु भर्ती कराया गया।
समय पर अस्पताल पहुंचने एवं तत्काल चिकित्सा उपचार मिलने से महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर एवं सामान्य बताई जा रही है। महिला का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
त्वरित सहायता बनी जीवनरक्षक
डायल 112 टीम की त्वरित प्रतिक्रिया, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता के कारण जहर सेवन की गंभीर स्थिति में पहुंची महिला को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी, जिससे उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति तक पुलिस सहायता शीघ्र पहुंचाई जा सके।