Blog

दहेज में बुलेट की मांग,विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप

पति ने जबरन कीटनाशक पिलाया

बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम राक कौड़िया में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और जान से मारने की नीयत से जबरन कीटनाशक पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़िता नीलम प्रजापति की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति बलराम दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलपहरी निवासी 23 वर्षीय नीलम प्रजापति की शादी दिसंबर 2024 में राक कौड़िया निवासी बलराम प्रजापति के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी क्षमता के अनुसार घरेलू सामान के साथ सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब एक माह बाद ही उसका पति मायके से दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल लाने या बुलेट खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा। नीलम ने शिकायत में बताया कि उसकी सास भी उसके सोने-चांदी के जेवर मांगती थी। जेवर नहीं देने पर पति के साथ मिलकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पति कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करता था। जब वह सास से पति की शिकायत करती तो सास भी पति का पक्ष लेते हुए मायके से दहेज लाने का दबाव बनाती थी। पीड़िता के मुताबिक, 27 मई को दहेज को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की और बुलेट नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उसने जबरन कीटनाशक दवा पिला दी। तबीयत बिगड़ने और उल्टी होने पर उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिनों तक उसका उपचार चला। पीड़िता का आरोप है कि पति ने घटना को अलग रूप देने के लिए स्वयं भी थोड़ा जहर पी लिया और उस पर ही जहर खाने का आरोप लगाने लगा। इलाज के बाद नीलम अपने मायके सिरगिट्टी लौट गई। उसने 26 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत देकर पति और सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) और 85 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *