दिव्यांग भाई-बहनों के साथ मनाया गया अनूठा सावन उत्सव

बिलासपुर। इंदिरा विहार स्थित रामेश्वरम शिवालय मंदिर में रविवार को दोपहर 4 बजे आर्यावर्त विश्व सनातन विकास परिषद एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में 40 से अधिक दिव्यांग भाई-बहनों के लिए विशेष “सावन उत्सव” का आयोजन किया गया। बिलासपुर में दिव्यांग भाई-बहनों के लिए इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया, जिसे लेकर सभी में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती किरण सिंह जी एवं श्रीमती रेनू गौतम जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी दिव्यांग भाई-बहनों ने रामेश्वरम शिवालय में भगवान शिव का श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया तथा भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। दिव्यांग भाई-बहनों ने भजन प्रस्तुत किए तथा अंताक्षरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्य साईं हेल्प वे श्रवण बाधित कन्या शाला के मूक-बधिर बच्चों ने तीन-चार मनमोहक नृत्य और डाउन सिंड्रोम सुभी ठाकुर का नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 5 वर्षीय बालिका शिवांगी घोष की दो मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां रहीं, जिसने अपनी प्रतिभा से उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। शिवांगी की प्रस्तुति पर पूरे कार्यक्रम स्थल पर खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी दिव्यांग भाई-बहनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि किरण सिंह जी द्वारा सभी प्रतिभागियों को रिटर्न गिफ्ट भी प्रदान किए गए। सम्मान एवं उपहार पाकर दिव्यांग भाई-बहनों के चेहरों पर खुशी और आत्मीयता की झलक साफ दिखाई दी।

इस आयोजन की पहल श्रीमती शेफाली घोष जी एवं सभी सहयोगियों द्वारा दिव्यांग भाई-बहनों के आग्रह पर की गई थी। आयोजन की सफलता से उत्साहित दिव्यांग भाई-बहनों ने इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने का आग्रह किया। आयोजकों ने भी भविष्य में इस तरह के सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती किरण सिंह जी एवं श्रीमती रेनू गौतम जी, आर्यावर्त विश्व सनातन विकास परिषद की राष्ट्रीय सचिव एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की प्रदेश अध्यक्ष तथा जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती शेफाली घोष, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत तथा जिला अध्यक्ष श्री निर्मल कुमार घोष, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती संगीता शर्मा, आर्यावर्त विश्व सनातन विकास परिषद की जिला अध्यक्ष श्रीमती माधुरी तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीमती रीना झा, जिला महासचिव महिला मोर्चा श्रीमती पदमजा सिन्हा, सदस्य श्रीमती सुमिता दास गुप्ता, श्रीमती रेखा गुल्ला, श्री मदन मोहन गुल्ला, श्रीमती पूनम अग्रवाल, श्री राजा पंडित जी, श्री राहुल दुबे, श्री देव सिंह बंजारे, श्रीमती मंजू यादव, श्री मेहर पात्रे, श्रीमती रत्ना सोनी सुमि ठाकुर सहित 40 से अधिक दिव्यांग भाई-बहन उपस्थित रहे।
“सावन उत्सव ने दिया समानता, सम्मान और अपनत्व का संदेश”
यह आयोजन केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान, समानता, अपनत्व और उनके साथ खुशी के पल साझा करने का प्रेरणादायी संदेश भी दे गया। उत्सव के सफल आयोजन से सभी के चेहरों पर मुस्कान और दिलों में नई ऊर्जा देखने को मिली।