Blog

दुकान खाली कराने पर कोचिंग संचालक ने दी धमकी..लाइब्रेरी में छात्रों से गाली-गलौज, सिटी कोतवाली में एफआईआर

घटना सीसीटीवी में कैद,छात्रों ने 112 पर दी सूचना

बिलासपुर। गांधी चौक स्थित 3-ए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर दुकान खाली कराने को लेकर विवाद हो गया। दुकान खाली कराए जाने और बैनर हटाने से नाराज कोचिंग संचालक ने कथित तौर पर लाइब्रेरी संचालकों से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लाइब्रेरी में घुसकर पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से भी अभद्रता की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पचपेड़ी क्षेत्र के खपरी निवासी मुकेश नवरंगे 3-ए कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर शुभ लाइब्रेरी का संचालन करते हैं। इसी मंजिल पर पूजा और ज्ञान लाइब्रेरी भी संचालित होती हैं, जबकि राहुल नामक व्यक्ति आईबीटी इंस्टीट्यूट चलाता है। चौथी मंजिल पर लक्ष्मीकांत टंडन ने अपनी दुकान राहुल को किराए पर दी थी।
बताया गया कि 30 सितंबर की शाम करीब 6 बजे दुकान मालिक लक्ष्मीकांत टंडन दुकान खाली करा रहे थे। इसी दौरान राहुल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वह शुभ लाइब्रेरी में घुस गया और वहां भी विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच पूजा और ज्ञान लाइब्रेरी के संचालक भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि राहुल ने तीनों से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

नशे में लाइब्रेरी पहुंचने का आरोप

लाइब्रेरी संचालकों के अनुसार आरोपी राहुल वहां पहुंचते ही पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं पर चिल्लाने लगा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मुकेश नवरंगे ने इसका विरोध किया। छात्रों के मुताबिक उस समय राहुल नशे की हालत में था। अचानक हुए हंगामे से लाइब्रेरी में पढ़ रहे विद्यार्थी डर गए और घटना की सूचना तत्काल 112 पर दी।
घटना के बाद लाइब्रेरी संचालकों ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस को घटना का CCTV फुटेज भी सौंपा गया है। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *