दुर्ग क़े 32 बंगला चौक के पास अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल एवं कारतूस बरामद; तीनों आरोपी न्यायिक रिमाण्ड पर भेजे गए

▪️ तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया तथा प्रकरण में अवैध हथियार के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।
दुर्ग। दुर्ग जिलान्तर्गत थाना भिलाईनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि 32 बंगला चौक के पास रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में तीन व्यक्ति अवैध पिस्टल एवं कारतूस रखे हुए हैं। सूचना की तस्दीक एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा तीनों संदिग्धों को पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सूरज ताण्डी, उम्र 29 वर्ष, निवासी 32 बंगला उड़िया बस्ती, भिलाईनगर; दीपक दास उर्फ सिब्बु, उम्र 26 वर्ष, निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती, थाना पद्मनाभपुर; तथा महेश ताण्डी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती, थाना पद्मनाभपुर, जिला-दुर्ग बताया।
विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी सूरज ताण्डी के कब्जे से एक पिस्टल तथा आरोपी दीपक दास एवं महेश ताण्डी के कब्जे से एक-एक पिस्टल कारतूस बरामद किया गया। हथियार एवं कारतूस रखने के संबंध में वैध लाइसेंस/दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिए जाने पर आरोपियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए दिनांक 04.09.2026 को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण में हथियार के स्रोत एवं अन्य संबंधित पहलुओं के संबंध में विवेचना जारी है।
आरोपी का नाम
- सूरज ताण्डी, उम्र 29 वर्ष, निवासी 32 बंगला उड़िया बस्ती, भिलाईनगर, जिला-दुर्ग।
- दीपक दास उर्फ सिब्बु, उम्र 26 वर्ष, निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती, थाना पद्मनाभपुर, जिला-दुर्ग।
- महेश ताण्डी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती, थाना पद्मनाभपुर, जिला-दुर्ग।
जप्त सामग्री
- एक नग पिस्टल, अनुमानित कीमत ₹2,00,000/-।
- दो नग पिस्टल कारतूस, अनुमानित कीमत ₹1,000/-।
कुल अनुमानित कीमत ₹2,01,000/-।