Blog

दुष्कर्म केस में फरार आरोपी की गिरफ्तारी में देरी पर उठे सवाल,पीड़िता ने एसपी से मांगी सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई

बिलासपुर ।बिलासपुर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धमकी के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे आरोपी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर पीड़िता ने बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि उसके सहयोगी लगातार उसे धमकाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़िता द्वारा एसपी को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, सिविल लाइन थाना में आरोपी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज है। उनका कहना है कि केस दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वह लगातार भय के माहौल में जी रही हैं।
आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी के सहयोगी लगातार उस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और कहा जा रहा है कि मामले में सब कुछ उनके पक्ष में कर लिया जाएगा। इतना ही नहीं, जमानत मिलने के बाद गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी जा रही है। इन कथित धमकियों के कारण वह मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति में है।
पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित अधिकारियों को जांच से हटाकर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्हें तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

बॉक्स
आरोपी की खोजबीन जारी

इस मामले में एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में भी शिकायत दी है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *