दो महामाया मंदिरों में चोरी का खुलासा, ₹1.75 लाख के जेवर बरामद; दो गिरफ्तार

मुंगेली//मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित कंतेली और कोदवाबानी के महामाया मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले के दो अन्य आरोपी पहले से ही दूसरे प्रकरण में जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, कंतेली स्थित महामाया मंदिर में जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट, मंगलसूत्र, करधन, माला समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए थे। वहीं, वर्ष 2025 में कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में भी इसी तरह की चोरी हुई थी। दोनों मामलों की जांच एक साथ की जा रही थी।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बेमेतरा जिले के नगपुरा निवासी अश्वनी आहिरे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर दोनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी के आभूषण पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रखे थे।
पुलिस ने चंपाबाई गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के चांदी के मुकुट, करधन, माला, ढार, चांदी के सिक्के, सोने की पत्तियां तथा अन्य धार्मिक आभूषण जब्त किए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अश्वनी आहिरे ने अपने साथियों के साथ कबीरधाम जिले के सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले से संबंधित सामग्री भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों अश्वनी आहिरे और चंपाबाई गोस्वामी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, सह-आरोपी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही पोड़ी जेल में निरुद्ध हैं।
पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मंदिरों सहित सार्वजनिक आस्था स्थलों में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी