Blog

रायपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का करारा वार: गोगो पेपर-हुक्का कारोबार बेनकाब, 9 ठिकाने सील

रायपुर – युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए रायपुर पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर में तेजी से फैल रहे ‘गोगो पेपर’ और हुक्का सामग्री के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्त प्रहार करते हुए पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के स्पष्ट निर्देशों और डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाले करीब 2 लाख रुपये मूल्य के रोलिंग पेपर जब्त किए गए। जांच में खुलासा हुआ कि पान ठेलों और गुमटियों के जरिए युवाओं को नशे की सामग्री आसानी से उपलब्ध कराई जा रही थी।

COTPA एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमों का उल्लंघन कर रहे 9 दुकानों को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस जांच में सप्लाई चेन की परतें भी खुलने लगी हैं। रोलिंग पेपर और हुक्का फ्लेवर कहां से आ रहे थे, इसके मुख्य स्रोतों की पहचान कर ली गई है। पूछताछ में कई थोक सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ जल्द ही छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा है कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी और सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *