नदी में डूबे तीन मासूम,एक का शव बरामद…..जांच में जुटी पुलिस

अभिषेक सेमर
बिलासपुर।तखतपुर क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी और दुखद ख़बर सामने आई है। ग्राम पंचायत समडील में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों ने घंटों तक नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं दो अन्य बच्चों की तलाश अभी भी जारी है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।

दरअसल, ग्राम समडील निवासी तीन बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे नदी में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल, पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल, पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है।
तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी हैं। घंटों की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो मासूम बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण और पुलिस प्रशासन नदी में लगातार बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। अब सभी की निगाहें एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर अपने घर जा रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द ही गांव पहुंचेगी और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों लापता बच्चों की तलाश की जाएगी।