नशे में गले में जहरीला सांप लपेटकर गांव में घूमता रहा ग्रामीण

कई बार डसा, अस्पताल से भी हुआ गायब
बिलासपुर/गौरेला/ जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक ग्रामीण ने कथित तौर पर पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और काफी देर तक गांव में घूमता रहा।
इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान वह अस्पताल से भी निकल गया।
जानकारी के मुताबिक, भदौरा गांव निवासी संतराम भैना शराब के नशे में था। इसी दौरान पड़ोसी के घर में सांप घुसने की जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि उसने सांप को पकड़ लिया और उसे अपने गले में लपेटकर गांव में घूमने लगा। ग्रामीणों के मना करने के बावजूद वह नहीं माना। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया। सांप के डसने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, इलाज के दौरान वह कथित तौर पर अस्पताल से निकल गया। इसके बाद से उसके संबंध में जानकारी नहीं मिलने की बात सामने आई है।
परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण के गले में सांप लिपटा हुआ दिखाई दे रहा है।
घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है और जहरीले सांप के साथ इस तरह का जोखिम उठाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सर्पदंश की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय उपचार लेना बेहद जरूरी माना जाता है। सांप को पकड़ने या उसके साथ किसी तरह की लापरवाही करना जानलेवा साबित हो सकता है।