पहली बार हाट-बाजारों में जांच 19 सैंपल लिए, 6 किलो मिठाई नष्ट करवाई
निगरानी और जांच का बढ़ा दायरा

कोंडागांव- धमक अब हाट- बाजारों में भी। सूक्ष्म जांच में खानपान की सामग्रियों की सुरक्षा की न केवल हिदायत दी बल्कि रिकॉर्ड 19 सैंपल भी लिए ।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने शहर और कस्बों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लग रहे हाट- बाजारों को भी अब निशाने पर ले लिया है। तेवर इतने सख्त है कि खानपान की सामग्री निर्माता और विक्रेता संस्थानें हतप्रभ हैं।
पहली बार हाट- बाजार
हतप्रभ था हीरापुर हाट- बाजार खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच टीम को देखकर। जांच दल को संदेहास्पद लगी पैक्ड चमचम, मिल्क बर्फी, गुलाब जामुन एवं बालाजी मिठाई दुकान में बिक रही मिठाइयां। जांच के दौरान सैंपल तो लिए ही, साथ ही 6 किलो मिठाई भी नष्ट करवाई गई। माकड़ी के बाजार से बर्फी, सोन पापड़ी और काजू कतली के सैंपल लिए गए। बहीगांव बाजार भी निशाने पर आया। यहां से काला गुलाब जामुन और गुलाब जामुन के नमूने संग्रहित किए गए। केशकाल जाना पहचाना शहर है प्रदेशवासियों के लिए लेकिन बूंदी के लड्डू, काजू कतली और मथुरा पेड़ा के सैंपल जिस अंदाज में लिए गए उसने यह बात करीब- करीब स्पष्ट कर दी है कि हमेशा नजर में रहेगा यहां का खाद्य कारोबार।
जिला मुख्यालय से 6 सैंपल
रसगुल्ला, मलाई चाप, खोवा, फैंसी स्वीट, गुलाब जामुन, कलाकंद एवं बर्फी के सैंपल लेने के बाद स्वीट कॉर्नर संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी विस्तार से दी और बताया कि नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में उपभोक्ताओं को क्या नुकसान हो सकता है? और दंडात्मक कार्यवाही क्या- क्या हैं? रिकॉर्ड 19 खाद्य सामग्रियों के सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। परीक्षण रिपोर्ट उपरांत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
वर्जन
19 सैंपल लिए
जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र के हाट- बाजारों की जांच में 19 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
-रोशन वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोंडागांव