प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान: टीबी मरीजों को पोषण आहार का वितरण

बिलासपुर/प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी परिसर में उपचाररत टीबी मरीजों को पोषण आहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. रक्षित जोगी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मरीजों को घी, तेल, चना दाल, अरहर दाल, चावल, खजूर, भुना चना, सोयाबीन बड़ी सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री प्रदान की गई। यह पोषण आहार डीआरवीए संस्थान, गुजरात द्वारा भारत सरकार की इकाई एनबीसीसी के सीएसआर मद से उपलब्ध कराया गया है।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. रक्षित जोगी ने बताया कि वर्तमान में जिले में लगभग 1600 टीबी मरीज उपचाररत हैं। डीआरवीए संस्थान द्वारा जिले के 200 टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जिले के शेष उपचाररत मरीजों को एसईसीएल एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से पोषण आहार का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डीपीसी ए. सरिता, एसटीएस गीता सक्सेना, माखन लाल भारती, जीवन महंत, टीबीएचव्ही सरस्वती साहू, भूपेंद्र श्रीवास, सरस्वती यादव तथा डीआरवीए संस्थान से योगिता बोरकर एवं अनी भूषण राय उपस्थित रहे।