बढ़ती गर्मी को देखते हुए दोपहर में बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल….

बिलासपुर – भीषण गर्मी और तेज लू के बीच बिलासपुर यातायात पुलिस ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए संवेदनशील पहल की है। शहर में 17 अप्रैल 2026 से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे।
दरअसल, तेज धूप में सिग्नल पर खड़े रहने के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि लोगों को लू और गर्मी से बचाया जा सके।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे की निगरानी में यह व्यवस्था लागू होगी। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद होने के बावजूद नियमों का पालन करें और सड़क पार करने वालों को प्राथमिकता दें। साथ ही, गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह भी दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।