Blog

बढ़ती महंगाई और शक्कर की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह,कांग्रेस ने नेहरू चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

बिलासपुर। देश में लगातार बढ़ती महंगाई और शक्कर की कीमतों में उछाल के विरोध में बिलासपुर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को नेहरू चौक पर चीनी सत्याग्रह आंदोलन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई का असर सीधे तौर पर आम आदमी की रसोई के बजट पर पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों से लेकर घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, दोपहिया और चारपहिया वाहनों सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शक्कर के दाम बढ़ने से त्योहारी सीजन में घरों में बनने वाली मिठाइयों और अन्य मीठे व्यंजनों का खर्च भी बढ़ गया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। आम आदमी के लिए जरूरी खाद्य पदार्थों सहित लगभग सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि शक्कर जैसी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तु की कीमत करीब 45 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचना आम परिवारों के बजट पर सीधा असर डालता है।उन्होंने कहा कि भारत त्योहारों का देश है और त्योहारी सीजन में मिठाइयों सहित विभिन्न व्यंजनों में शक्कर का उपयोग बढ़ जाता है। ऐसे समय में आवश्यक वस्तु के दाम बढ़ना चिंता का विषय है। कांग्रेस ने सरकार से आम जनता के हित में कदम उठाने और बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।

उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में पहले बढ़ोतरी की जाती है और बाद में कुछ रुपये कम करके सरकार इसे जनता के लिए राहत के तौर पर प्रस्तुत करती है।
महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि कांग्रेस के आंदोलन के बाद शक्कर की कीमतों में करीब 10 से 12 रुपये तक की कमी की गई है, लेकिन पुरानी कीमतों की तुलना में अब भी शक्कर महंगी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शक्कर की कीमतों को पुरानी दरों पर वापस लाया जाए, ताकि त्योहारी सीजन में आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चीनी सत्याग्रह के जरिए सरकार तक आम जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया है। आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *