बरई चौरसिया समाज ने श्रद्धा-भक्ति व सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया नागपंचमी पर्व

बिलासपुर।
बरई चौरसिया समाज, बिलासपुर द्वारा नागपंचमी पर्व एवं नागदेवता पूजन-अर्चन का कार्यक्रम सीएमडी चौक स्थित उद्योग भवन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ नागदेवता व नागबेल की पूजा के माध्यम से हुआ जिसको गायत्री शक्तिपीठ बिलासपुर के ट्रस्टी आचार्य वेद प्रकाश थवाईत ने संपन्न करवाया। समाज के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद थवाईत व कार्यकारी अध्यक्ष रामबनवास थवाईत ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में समाज के बच्चों, महिलाओं एवं स्वजातीय बंधुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं फैंसी ड्रेस, नारियल सज्जा, चित्रकला, मेहंदी प्रतियोगिता सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने विशेष आकर्षण प्रदान किया साथ ही मेघावी प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागी भगवान शिव, माता दुर्गा एवं माता लक्ष्मी के स्वरूप में पहुंचे और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय का दिल जीत लिया।
नारियल सजाओ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती रजनी तंबोली, द्वितीय श्रीमती रुचि थवाईत एवं तृतीय स्थान श्रीमती सुषमा तंबोली ने प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रथम श्रीमती नम्रता थवाईत, द्वितीय श्रीमती रूपा थवाईत एवं तृतीय श्रीमती रजनी तंबोली रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में प्रथम राशी थवाईत, द्वितीय सावी तंबोली एवं तृतीय अमिता थवाईत रहीं। चित्रकला, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें प्रथम स्थान आइजल चौरसिया एवं आयुषी तंबोली, द्वितीय माही महोबिया तथा तृतीय शाश्वत तंबोली ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं अनूठा प्रस्तुतिकरण सरगम एवं सावी ग्रुप द्वारा रचित पान की आत्मकथा रहा। इसमें पान की उपयोगिता के साथ-साथ बरई चौरसिया समाज के उद्भव एवं विकास की गाथा को नाट्य कला के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। डॉ. हिमानी चौरसिया एवं बेटी उन्नति चौरसिया को 10 मीटर पिस्टल फायरिंग में स्टेट लेवल पर क्रमशः सिल्वर एवं गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं श्री रमेश कुमार तंबोली को टेलरिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मंच संचालन अर्चना तंबोली एवं वेद प्रकाश थवाईत ने रुचिकर एवं प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं आकर्षक बना रहा।
इस अवसर पर बरई चौरसिया समाज के अध्यक्ष श्री हनुमान प्रसाद थवाईत ने कहा कि समाज के पास आज ऐसी सशक्त टीम तैयार हो चुकी है, जो समाज के किसी भी कार्य के लिए एक संकेत मात्र पर पूरे तन, मन और धन से जुटकर उसे सफलता के शिखर तक पहुंचाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि समाज की यह एकजुटता भगवान भोलेनाथ एवं नागदेवता नागबेल की कृपा और छत्रछाया का ही परिणाम है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी स्वजातीय बंधुओं का स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद समाज को निरंतर मिलता रहेगा।
कार्यक्रम की सफलता में समाज के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर श्रीकांत थवाईत, संतोष तंबोली, यशवंत थवाईत, बीआर महोबिया, दीपेश थवाईत, अजय थवाईत, दत्तात्रेय तंबोली, राजेश एवं राकेश सहित महिला मंडल की सदस्यों में अर्चना तंबोली, विद्या थवाईत, अनिता थवाईत, रेखा थवाईत, किरण थवाईत, नीलू थवाईत, रजनी थवाईत आदि उपस्थित रहीं