बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों के लिए जारी किए गए विशेष निर्देश व सुझाव

मौसमी प्राकृतिक बाध्यताओं के प्रति सभी वाहन चालकों को सतर्क रहने के लिए दिए गए सुझाव
कीचड़, फिसलन, जल भराव, दृश्य बाधा, क्षतिग्रस्त रोड कालर आदि के प्रति सतर्क रहने नागरिकों से की गई अपील
बारिश के कारण मार्ग में किसी भी प्रकार की व्यवधान पर नजदीकी थाना, यातायात एवं पुलिस कंट्रोल को सूचित करने की गई अपील
बिलासपुर।एसएसपी रजनेश सिंह के दिशा निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिले के सभी प्रकार के मार्गो में किसी भी प्रकार के इंजीनियरिंग एवं तकनीकी त्रुटि तकनीकी त्रुटि न हो इस हेतु सभी प्रकार के सुधारात्मक एवं समाधान कारक प्रयास के लिए संबंधित विभाग के साथ नियमित परिचर्चा व सुझावों का आदान प्रदान सुनिश्चित की जाती है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस बिलासपुर के द्वारा वर्तमान में बरसाती सीजन को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों एवं आम नागरिकों के लिए विशेष निर्देश व सुझाव के बिंदु बताई गई है। ताकि सड़कों पर चलते हुए वाहन चालकों एवं यात्रियों को किसी भी प्रकार की सुरक्षा से संबंधित असावधानियों के कारण सड़क दुर्घटना जैसे किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावनाओं को कम किया जा सके।
विदित हो कि बरसात के मौसम में सड़कों पर फिसलन, जलभराव और दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। बारिश के दौरान सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कुछ बातों पर सभी वाहन चालकों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है जिनमें प्रमुख है।
दोपहिया चालक
आईएसआई मार्का हेलमेट पहनें और वाईज़र साफ रखें।
वाटरप्रूफ और चमकीले रंग का रेनकोट पहनें ताकि दूर से आसानी से नज़र आ सकें।
गीले मोड़ों पर गति बहुत धीमी रखें और अचानक फ्रंट ब्रेक न लगाएं।
सड़क की सफेद/पीली पट्टियों और मैनहोल के ढक्कनों पर चलने से बचें—ये पानी में बहुत फिसलते हैं।
पैदल यात्री
हमेशा फुटपाथ का उपयोग करें।
सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करें।
जलभराव वाले रास्तों पर बहते पानी से दूर रहें, पास में खुला मैनहोल या गटर हो सकता है।
बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और लटकते हुए तारों से सुरक्षित दूरी बनाएं।
आपातकालीन सलाह:
यदि गाड़ी पानी में बंद हो जाए, तो दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश न करें। तुरंत गाड़ी से बाहर निकलें और सुरक्षित स्थान पर जाएं या सहायता बुलाएं।
उक्त सभी निर्देशों का पालन करते हुए समस्त वाहन चालक एवं यात्रीगण अपने गंतव्य तक सरल, सुगम, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करें किसी भी प्रकार की मार्ग में बारिश के कारण व्यवधान की स्थिति में तत्काल ही नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल तथा यातायात के अधिकारियों कर्मचारियों को अवगत करावें।