Blog

बारिश प्रभावित क्षेत्रों में दूसरे दिन भी राहत, बचाव एवं सफाई अभियान जारी,निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का निर्देश,जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए और शहर की व्यवस्थाओं को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाएं

क्षतिग्रस्त सड़कों-नालियों की तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश

बिलासपुर, शहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद नगर निगम प्रशासन का राहत एवं बचाव अभियान दूसरे दिन भी पूरी तत्परता के साथ जारी रहा। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव स्थिति पर लगातार रिपोर्ट ले रहे हैं। इसी क्रम में आज सुबह नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने निगम अधिकारियों एवं जोन की टीमों के साथ शहर के विभिन्न बारिश प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा राहत कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर सर्वे ने जलभराव से प्रभावित कॉलोनियों एवं मकानों का निरीक्षण कर जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां जेटिंग पंप के माध्यम से घरों से पानी निकालने के निर्देश दिए और तत्काल कार्रवाई कराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रभावित परिवार को राहत पहुंचाने में विलंब न हो तथा जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात तक नगर निगम की टीमों द्वारा लगातार राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा जरूरतमंद परिवारों तक भोजन के पैकेट पहुंचाए गए। यह अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, नालियों एवं अन्य नगर निगम अधोसंरचनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निगम के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जहां-जहां बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि गड्ढों अथवा क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नाला-नालियों का सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। इसी क्रम में तोरवा नाका के समीप बारिश के कारण सड़क पर बने बड़े गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई गई। वहीं अंबेडकर स्कूल के पास सड़क पर बने गड्ढे की बैरिकेडिंग कर मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया गया है, ताकि आवागमन सुरक्षित बना रहे।

बारिश के बाद गंदगी एवं कीचड़ से नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर भर में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कराई जा रही है तथा नालियों की सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे संक्रमण एवं अन्य समस्याओं की आशंका को रोका जा सके।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव पूरे राहत एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए तथा शहर की व्यवस्थाओं को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी अधिकारियों एवं जोन प्रभारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा लगातार फील्ड में उपस्थित रहकर राहत, बचाव, जल निकासी, सड़क मरम्मत एवं सफाई कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम की सभी टीमें लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *