बिदर में डीजे पर नाचने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष,मृतक की पत्नी ने कहा कि,मेरे बच्चे अनाथ हो गए,पति के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए

एक की मौत,दो की हालत गंभीर,आधा दर्जन घायल,10 से अधिक गिरफ्तार
बिलासपुर ।मस्तूरी के गतौरा में बिदर और गणेश उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में मारपीट के दौरान तलवार,चाकू, लाठी-डंडे,लोहे की रॉड और जमकर पत्थर चले। हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी की सजा देने की मांग की है।इस बीच गांव का माहौल तनाव भरा बना हुआ है जिसके कारण पुलिस बल तैनात किया गया है।

इधर परिवार के कई लोग घायल हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का सिम्स में इलाज चल है। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी ने कहा कि, मेरे बच्चे अनाथ हो गए। पति के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

दरअसल पूरी घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।रविवार रात 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में बिदर और गणेश पंडाल में डीजे बज रहा था। डीजे पर नाचने को लेकर विवाद शुरू हुआ। परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। डीजे की घटना ने आग में घी का काम कर दिया। पुरानी दुश्मनी एक बार फिर सामने आ गई।बात बढ़ती चली गई, पहले कहासुनी, फिर गालीगलौच और देखते ही देखते हुए विवाद मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार के सदस्यों पर तलवार, चाकू समेत धारदार हथियार, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पत्थरबाजी की घटना भी सामने आई है।

इलाज के दौरान शैलेष की मौत,दो और की हालत बेहद नाजुक
हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है।दो गुटों के बीच जारी खूनी संघर्ष को रोकने और बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज जारी है।

पुलिस ने 14 संदेहियों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही।
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी, घटना स्थल की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस पुराने विवाद, डीजे पर नाचने को लेकर हुए तत्कालिक विवाद और उसके बाद हुए हमले के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने लगी है। इसी आधार पर आगे जांच की जाएगी।
गतौरा में पुलिस बल तैनात
मस्तूरी क्षेत्र में हुई इस हिंसक घटना को लेकर पुलिस ने तत्काल पेट्रोलिंग और पुलिस बल तैनात कर दिया है।इसके लिए देर रात से लेकर दूसरे दिन तक आरोपियों के घर के पास और मृतक के घर के पास पुलिस बल रखा गया है ताकि किसी तरह का कोई विवाद सामने न आ सके।इसके लिए गांव वालों से भी अपील की गई है।बावजूद इसके ग्रामीणों और मृतक के परिवार वालों में काफी आक्रोश बना हुआ है।