गर्भवती के पेट में लात मारने और कोनी पुलिस पर रिपोर्ट न लिखने का गंभीर आरोप,एसएसपी के पास गुहार लगाकर की कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। छोटे कोनी में भगवान गणेश के भोग प्रसाद बनाने के दौरान महिलाओ पर लाठी डंडे लात घुसे से हमला किया गया फिर एक गर्भवती महिला के पेट मे लात मारने की शिकायत भी सामने आई है। घायल और पीड़ित परिवार मोहल्लेवालों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर हमलावर साहू परिवार के खिलाफ गंभीर शिकायत किए है।
पीड़ित महिलाओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर कोनी पुलिस पर उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है।महिलाओं ने हमलावरों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला और एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल पूरी घटना शनिवार शाम 7.30 बजे छोटी कोनी की है। एसएसपी को दिये गए शिकायत में पीड़ित पक्ष के घायल रिया मरावी और संतोषी नेताम ने बताया कि उन लोगो ने मोहल्ले में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की है। पंडाल के पास ही वे लोग बांस बल्ली लगाकर भोग तैयार कर रहे थे, तभी रामविलास साहू और उसके परिवार के लोग गाली गलौज करते आये कि यहां कैसे घेरे ,उन लोगो ने बांस को उखाड़कर अचानक बांस और लाठी से हमला कर दिया और भट्टी को तोड़कर भोग प्रसाद को फेंक दिया। पीड़ितों का आरोप है कि रामविलास ने अपने परिवार के सदस्यों सुकृता, दिलीप, दीपक व अन्य रिश्तेदारों और कुछ गुर्गों के साथ उन लोगो को बाल घसीटकर पीटा है। जिससे रिया के सिर पर 7 टांके लगे और हाथ फ्रैक्चर हो गया।
वही संतोषी का आरोप है कि रामविलास और उसके परिवार के सदस्यों ने महिलाओ बच्चों किसी को नही छोड़ा बल्कि सभी लोगों पर बेरहमी से हमला किया गया है।इसमें एक गर्भवती महिला के पेट में आरोपियो के लात मारने का गंभीर आरोप भी लगाया है। संतोषी का कहना है कि वे लोग घटना के बाद रिपोर्ट लिखाने कोनी थाना भी गए पर उनकी रिपोर्ट तक नही लिखी गई आरोपी हमलावर अब भी बेखौफ घूम रहे है।संतोषी ने कहा कि हम लोग न्याय चाहते है दोषियो के खिलाफ जानलेवा हमले, तोड़फोड़ और एट्रोसिटी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।