बिनौरी सड़क निर्माण अधूरा, गिट्टी डालकर छोड़ने से ग्रामीण परेशान

महेंद्र सिंह बिलासपुर।पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवटाडीह भूतहा के आश्रित ग्राम बिनौरी में सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर गिट्टी डालकर काम को बीच में ही छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर फैली गिट्टी के कारण आए दिन बाइक चालक और राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को अधिक दिक्कत हो रही है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर करीब दो साल पहले लोकसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी तक दी गई थी। उस समय प्रशासन हरकत में आया था और पचपेड़ी तहसीलदार द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।