हाईवे किनारे खड़ी ट्रक में मिली ड्राइवर की सड़ी-गली लाश

तीन दिन से लापता था चालक, ट्रक के अंदर मिला शव
बिलासपुर । चकरभाठा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे खड़ी एक ट्रक से ड्राइवर की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई है। मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक चकरभाठा थाना क्षेत्र में मूढ़ीपार टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे एनएच किनारे खड़ी ट्रेलर ट्रक क्रमांक एमएच 40 एम 7746 में चालक बृजेश गिरी की लाश मिली। मृतक उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था और महाराष्ट्र की गाड़ियां चलाने का काम करता था। बताया गया कि वह 18 मई को मंदिर हसौद से सेंदरी बिलासपुर के लिए ट्रक लेकर निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। शक होने पर ट्रक मालिक सत्यनारायण सोनवानी ने जीपीएस के जरिए ट्रक की लोकेशन ट्रेस की और अपने लोगों को मौके पर भेजा। जब लोग वहां पहुंचे तो ट्रक से तेज बदबू आ रही थी। ट्रक की जांच करने पर चालक का शव अंदर सड़ी-गली हालत में मिला। शव में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे माना जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को ट्रक के अंदर मृतक का मोबाइल फोन और आधी भरी शराब की बोतल मिली है। वहीं ट्रक का डीजल टैंक खुला मिला और डीजल गायब बताया जा रहा है। ऐसे में डीजल चोरी के दौरान किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं चालक की मौत भीषण गर्मी, लू या शराब के नशे की वजह से तो नहीं हुई।
मृतक के पिता जयप्रकाश गिरी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।