Blog

बिरयानी सेंटर के पास शुरू हुआ था विवाद… फिर दो गुटों में हुआ पथराव, 11 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

बिलासपुर – बिरयानी सेंटर के पास हुआ विवाद बिलासपुर में हिंसक झड़प और पथराव तक पहुंच गया था। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि घटना की शुरुआत बिरयानी सेंटर के पास टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों की ओर से अपने समर्थकों को मौके पर बुलाए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया तथा पथराव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोहेल खान गुट से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सलीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाइक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मोहम्मद जुनैद शामिल हैं।

ठाकुर राम सिंह गुट के 3 आरोपी भी पकड़े गए

दूसरे पक्ष से पुलिस ने राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिक्क और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

CCTV फुटेज से हो रही अन्य आरोपियों की पहचान

पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर पथराव और विवाद में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे भी गिरफ्तारी की जाएगी।

सोहेल खान पर पहले से 11 अपराध दर्ज

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सोहेल खान के खिलाफ पहले से 11 अपराध दर्ज हैं। इस मामले की विवेचना में सोहेल खान और ठाकुर राम सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात

घटना के बाद एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू की गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *