Blog

बिलासपुर के विकास को मिलेगी नई दिशा, उद्यान और मुक्तिधाम के विकास कार्यों का भूमि पूजन

व्यापार विहार के पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का 2.35 करोड़ से होगा कायाकल्प, मधुबन मुक्तिधाम में 40 लाख से होंगे जीर्णोद्धार कार्य

विधायक अमर अग्रवाल ने भूमिपूजन कर किया कार्य का शुभारंभ

बिलासपुर। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान के 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा मधुबन मुक्तिधाम के 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर को एक सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बिलासपुर को प्रदेश के एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में आगे ले जाने के लिए लगातार नए विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का व्यापक पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। शहर के विकास में सड़क,पानी, नाली और भवन निर्माण के साथ ही नागरिकों को बेहतर वातावरण देने के लिए उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का व्यापक पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार विहार शहर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है जहां बड़ी संख्या में शहर के नागरिक यहां पहुंचते हैं। यह उद्यान आने वाले समय में नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उद्यान के पुनर्विकास से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि बिलासपुर के सर्वांगीण विकास का हमारा संकल्प है, शहर के हर वार्ड और हर नागरिक तक विकास की सुविधाएं हम पहुंचाएंगे।आने वाले समय में शहर में अधोसंरचना, स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और गति दी जाएगी। आज के कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी,सभापति विनोद सोनी,पूर्व महापौर किशोर राय एमआईसी सदस्य बंधुलाल मौर्य,जोन अध्यक्ष गणेश रजक, रंगा नादम पार्षद ध्रुव कोरी,एल्डरमेन शेखर पाल, योगेश बोले समेत निगम के अधिकारी तथा आम नागरिक उपस्थित रहें।

मधुबन मुक्तिधाम में 40 लाख से होंगे जीर्णोद्धार कार्य

विधायक अमर अग्रवाल ने मधुबन मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मुक्तिधाम जैसी जगहों पर बेहतर और सम्मानजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य से यहां आवश्यक सुविधाओं में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दोनों विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

2 करोड़ 35 लाख से संवरेगा दीनदयाल उपाध्याय उद्यान

2 करोड़ 35 लाख की लागत से व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। जिसके तहत,हरित क्षेत्र का विकास,पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा को नया रूप,नाली कार्य,लाइट,वाटर हार्वेस्टिंग, नागरिक सुविधाओं के विस्तार का कार्य,रंग रोगन समेत सौंदर्यीकरण के विभिन्न कार्य किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *