Blog

बिलासपुर में रविवार को दो बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं,82 केंद्रों पर होगी परीक्षा

यातायात को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी

बिलासपुर। रविवार 26 जुलाई को बिलासपुर में दो प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। परीक्षा के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, व्यापम रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचालक परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की सहायक ग्रंथपाल प्रारंभिक परीक्षा-2026 सुबह 10 बजे से 12 बजे तक संपन्न होगी।

इन दोनों परीक्षाओं के लिए बिलासपुर में कुल 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 76 केंद्रों पर व्यापम और 6 केंद्रों पर सीजीपीएससी की परीक्षा आयोजित होगी। बड़ी संख्या में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से परीक्षार्थी और उनके अभिभावक शहर पहुंचेंगे, जिससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।

इसे देखते हुए पुलिस ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया है। साथ ही शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। प्रमुख चौक-चौराहों, पुल-पुलियों, संकीर्ण मार्गों, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को डायवर्ट भी किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे तक तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर 12:15 बजे तक शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें और संभव हो तो शहर के बाहरी मार्गों का उपयोग करें। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन कर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *