Blog

बिलासपुर स्टेशन पर पहली बाइक रेंटल सेवा शुरू,100 रुपए में 4 घंटे तक मिलेगी बाइक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी सुविधा

,

ड्राइविंग लाइसेंस और आधार जरूरी; राइडर व पीछे बैठने वाले को मिलेगा हेलमेट

बिलासपुर। रेल यात्रियों के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अब शहर में आवागमन का एक नया और किफायती विकल्प उपलब्ध हो गया है। स्टेशन पर पहली बार बाइक रेंटल सेवा शुरू की गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यह पहली बाइक रेंटल सुविधा है। बुधवार को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने इस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बाइक रेंटल सेवा स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास
उपलब्ध होगी। रेलवे के अनुसार, इस सुविधा का लाभ रेल यात्रियों के अलावा पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और शहर में आने वाले आम नागरिकों को भी मिल सकेगा। सेवा 24 घंटे उपलब्ध रखने की व्यवस्था की गई है।
बाइक रेंटल सेवा का सबसे आकर्षक पहलू इसका किराया है। यात्रियों को चार घंटे तक बाइक चलाने के लिए केवल 100 रुपए देने होंगे। इसके बाद निर्धारित अवधि के अनुसार किराया बढ़ेगा।

ड्राइविंग लाइसेंस और आधार जरूरी

बाइक किराए पर लेने के लिए ग्राहक को अपना ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड उपलब्ध कराना होगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जानकारी दर्ज करने के बाद बाइक दी जाएगी।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाइक के साथ मुख्य राइडर और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट भी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, बाइक में इस्तेमाल होने वाला पेट्रोल यात्री को स्वयं भरवाना होगा।

स्कूटी से पल्सर तक विकल्प

यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेंटल सेवा में विभिन्न प्रकार के दोपहिया वाहन उपलब्ध रहेंगे। इनमें महिलाओं और अन्य यात्रियों के लिए स्कूटी से लेकर पुरुष यात्रियों के लिए पल्सर जैसी बाइक भी शामिल हैं। ग्राहक अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार वाहन का चयन कर सकेंगे।

ऑटो-टैक्सी के मुकाबले किफायती विकल्प

बिलासपुर शहर में ऑटो और टैक्सी से आने-जाने में यात्रियों को सामान्यतः 300 से 500 रुपए तक खर्च करना पड़ सकता है। ऐसे में स्टेशन से ही 100 रुपए में चार घंटे के लिए बाइक मिलने से यात्रियों को कम खर्च में शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है जिन्हें शहर में कई स्थानों पर जाना है या कुछ घंटों के लिए स्थानीय आवागमन करना है। इससे उन्हें हर बार ऑटो या टैक्सी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

यात्रियों को मिलेगा स्वतंत्र परिवहन का विकल्प

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक और यात्री-केंद्रित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बाइक रेंटल सेवा से रेल यात्रियों को शहर में आवागमन के लिए स्वतंत्र, सुविधाजनक और सुलभ परिवहन विकल्प मिलेगा।
बिलासपुर स्टेशन पर शुरू हुई यह सुविधा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा है। आने वाले दिनों में यात्रियों की प्रतिक्रिया और मांग के आधार पर इस सेवा का विस्तार भी किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *