Blog

बिस्तर पर सो रही 9 साल की बच्ची को सांप ने डसा,

इलाज से पहले मौत

बिलासपुर । पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकला में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली करीब साढ़े 9 साल की बच्ची की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। बच्ची रात में अपने घर के अंदर बिस्तर पर सो रही थी। इसी दौरान घर में घुसे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 7.55 बजे की है। ग्राम कुकुर्दीकला निवासी सुधा साहू, पिता लक्ष्मण प्रसाद साहू, उम्र करीब साढ़े 9 वर्ष, रात में अपने घर में बिस्तर पर सो रही थी।
इसी दौरान घर में घुसे जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन में मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का परीक्षण किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि सुधा साहू चौथी कक्षा में पढ़ती थी। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घर में सो रही बच्ची को सांप के डसने की इस घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर दिया है। घटना के बाद परिजनों ने सांप को भी पकड़ लिया था, जिसकी पहचान जहरीले कोबरा के रूप में की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *