Blog

बेसबॉल बैट से हमला कर मोबाइल और नकदी लूटकर फरार

लोखण्डी अंडरब्रिज के पास लुटेरों का आतंक

बिलासपुर ।जिले में लूटपाट और छीना-झपटी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब सकरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक पर हमला कर मोबाइल और नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार लोखण्डी अंडर ब्रिज के पास रहने वाले प्रकाश सिंह राजपूत ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थी भाटिया कोलवाशरी लोखण्डी में काम करता है। उसने बताया कि 24 मई को वह अपने सहकर्मी दिनेश कुमार पटेल के साथ अलग-अलग मोटरसाइकिल से लोखंडी जा रहे थे। जैसे ही दोनों लोखण्डी अंडर ब्रिज के पास पहुंचे, तभी पीछे से दो स्कूटी में सवार चार युवक पहुंचे और प्रकाश के जेब में रखा सैमसंग मोबाइल तथा मोबाइल कवर में रखे 3 हजार रुपये झपट्टा मारकर छीन लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने प्रकाश के साथ मारपीट की और बेसबॉल बैट से उसके सिर पर हमला कर दिया। पीछे आ रहे दिनेश कुमार पटेल को भी आरोपियों ने बेसबॉल से पीटा, जिससे उसके हाथ और पीठ में चोट आई। वारदात को अंजाम देने
के बाद आरोपी गाली-गलौच करते हुए कच्चे रास्ते से लोखण्डी की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *