Blog

भाजपा में तौसीफ खान पर बड़ा एक्शन,पद छिना,अब प्राथमिक सदस्यता भी खतरे में,सात दिन में जवाब,आपराधिक मामले न्यायालय में विचाराधीन होने का हवाला

पार्टी की छवि धूमिल होने का उल्लेख,

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जारी हुआ नोटिस

बिलासपुर।भाजपा ने बिलासपुर शहर के प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े तौसीफ खान के खिलाफ बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए सात दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने का नोटिस जारी किया है। खास बात यह है कि नोटिस में उनसे यह भी पूछा गया है कि उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित क्यों न कर दिया जाए।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कंडेय की ओर से 16 सितंबर को जारी नोटिस में कहा गया है कि तौसीफ खान के खिलाफ कई आपराधिक मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। पार्टी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आने वाला कृत्य बताया है और कहा है कि इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है।नोटिस में उल्लेख है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने उपरोक्त अनुशासनहीनता के आरोपों के मद्देनजर तौसीफ खान को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। साथ ही उन्हें नोटिस प्राप्त होने के सात दिन के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित क्यों न किया जाए।

पार्टी के इस फैसले के बाद अब तौसीफ खान के जवाब पर नजर रहेगी। सात दिन की समयसीमा में उनका पक्ष सामने आने के बाद संगठन आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा। नोटिस की प्रतिलिपि क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री पवन साय, प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष और भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *