Blog

महामाया मंदिर में नवरात्रि की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर,,,नवरात्रि को लेकर प्रशासनिक बैठक महामाया मंदिर ट्रस्ट में रखे गए जो कि 10 से 20 अक्टूबर तक चलेगा नवरात्रि पर्व, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय
रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध महामाया मंदिर रतनपुर में आगामी नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर मंदिर कार्यालय में प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक कलेक्टर संजय अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। नवरात्रि पर्व 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आशीष सिंह ठाकुर एवं मैनेजिंग ट्रस्टी सतीश शर्मा ने नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की रूपरेखा अधिकारियों के समक्ष रखी। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को समय-सीमा में पूरा करेंगे, ताकि नवरात्रि के दौरान महामाया मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीआईपी आवागमन के लिए नए मार्ग का प्रस्ताव
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि वीआईपी आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कुंड के पीछे महरैया तालाब के समीप एक नए मार्ग की संभावनाओं का कलेक्टर के साथ निरीक्षण किया गया है। प्रस्तावित मार्ग बनने से मंदिर तक आवागमन की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है तथा श्रद्धालुओं के लिए भी यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में सुविधा होगी।
बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में रतनपुर में वर्तमान में सामने आ रही बिजली गुल की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने तथा बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह, अपर कलेक्टर शिव बनर्जी, ग्रामीण एसपी मधुलिका सिंह, कोटा तहसीलदार जयंती देवांगन, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, तहसीलदार सोनू अग्रवाल, नायब तहसीलदार अंकित राजपूत एवं रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, मैनेजिंग ट्रस्टी अरुण शर्मा सहित मंदिर ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं ट्रस्टी भी बैठक में शामिल हुए।
नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के बीच समन्वय से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आगामी दिनों में दर्शन, सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित किए जाने की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *