वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी सौगात….आयुष्मान वय वंदना कार्ड से 5 लाख का मुफ्त इलाज….

सरकारी-निजी दोनों अस्पतालों में मिलेगा मुफ्त इलाज,योजना ने बढ़ाई उम्मीदें….
आईसीयू से लेकर बड़ी सर्जरी तक,सबका खर्च उठाएगा आयुष्मान वय वंदना कार्ड….
बिलासपुर ।वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त औरगुणवत्तापूर्ण
इलाज उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना चला रही है। इस योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस मेडिकल कवरेज मिलता है। इसी के तहत पूरे बिलासपुर जिले में शहर, गांव और कस्बों में शिविर लगाए जा रहे हैं। आज महमद में भी विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित किया गया।
दरअसल शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।कर्मचारियों ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, और 70 वर्ष से कम आयु के लोगों को 50 हजार रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा योजना के तहत दी जा रही है।कार्ड बनाने के लिए केवल राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होती है।अधिकारियों ने बताया कि यह कार्ड आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का हिस्सा है, जिसके तहत लाभार्थी सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज करा सकते हैं। योजना में 27 मेडिकल स्पेशलिटी शामिल हैं और लगभग 1,961 प्रकार के इलाज, सर्जरी, ICU केयर और डायग्नोस्टिक टेस्ट का पूरा खर्च शासन उठाता है।वरिष्ठ नागरिकों ने भी शिविर में पहुंचकर कार्ड बनाने की प्रक्रिया की सराहना की और कहा कि इस योजना से बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।आयुष्मान वय वंदना कार्ड वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक जीवनरक्षक सुविधा साबित हो रहा है।स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच और कैशलेस इलाज की सुविधा ने हजारों परिवारों को राहत दी है।फिलहाल जिले में कार्ड बनाने का अभियान तेज़ी से जारी है।