महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । मस्तूरी थाना क्षेत्र में महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय चौधरी (23), नरेश पटेल (24) और पीताम्बर सिंह (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी की शिकायत में बताया गया कि उसके भाई के कृषि परिवहन व्यवसाय में कार्यरत आरोपियों को हिसाब-किताब में गड़बड़ी के कारण काम से निकाल दिया गया था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने शराब के नशे में पीड़ित पक्ष के साथ जातिसूचक गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और एक महिला का अश्लील वीडियो दिखाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल किया, जिससे महिला की गरिमा को ठेस पहुंची।
शिकायत दर्ज होने के बाद मस्तूरी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके घरों से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महिला का अश्लील वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।