Blog

माधव ट्रेडर्स पर छापा,नकली सामान की शिकायत पर सैंपल जब्त

बिलासपुर। नकली उत्पादों की बिक्री की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को चांटीडीह स्थित रामायण चौक के माधव ट्रेडर्स में जांच कार्रवाई की। यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई। कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांड के डुप्लीकेट सामान की बिक्री की शिकायत विभाग से की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम माधव ट्रेडर्स पहुंची और दुकान में उपलब्ध उत्पादों की जांच की। इस दौरान सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चाय पत्ती और इनो समेत अन्य उत्पादों के सैंपल लिए गए। संबंधित सामग्री को भी जब्त किया गया है। विभाग इन सैंपलों को जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रहा है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांड के डुप्लीकेट सामान की जानकारी देते हुए शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी शिकायत के आधार पर माधव ट्रेडर्स में जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित उत्पादों में किसी तरह की अनियमितता या डुप्लीकेट सामग्री है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दुकान संचालक का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान की खरीदी करते आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने जिन उत्पादों के सैंपल लिए हैं, उनसे संबंधित उपलब्ध बिल और दस्तावेज टीम को सौंप दिए गए हैं। संचालक ने कहा कि उनकी ओर से किसी तरह की गलत सामग्री जानबूझकर नहीं बेची गई है। बाजार में जिस रेट पर असली सामान उपलब्ध है, उसी के अनुसार सामान की कीमत तय की गई है।

फिलहाल विभाग की कार्रवाई के बाद जब्त सामग्री और लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त उत्पादों में कोई डुप्लीकेट या अनियमित सामग्री थी या नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *