Blog

मानसून फिर हुआ मेहरबान, बिलासपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पिछले 24 घंटों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अनेक हिस्सों में बारिश हुई, जबकि सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब अब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और उत्तरी-मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेंटीमीटर, अजगरबहार में 9, डौंडीलोहारा में 7 और ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई।
अगले 24 घंटों के लिए बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं बलौदाबाजार, बलरामपुर, बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर और सरगुजा में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा दुर्ग, गरियाबंद, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरिया, महासमुंद और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भारी बारिश की संभावना है।मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अगले 48 घंटों में बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *