Blog

मैं परेशान हूं’ … सुसाइड नोट छोड़ नगर निगम के सब इंजीनियर ने की आत्महत्या…

फंदे पर लटका मिला शव,सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी में बुधवार सुबह नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने खुद के परेशान होने का जिक्र किया है, लेकिन आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह का उल्लेख नहीं मिला है।

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार,सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने फांसी
लगाने से पहले अपने हाथ की कलाई भी काटी थी। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है। जानकारी के मुताबिक,महाराणा प्रताप चौक निवासी अमर सिंह चौहान नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे और हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर किया गया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या स्थानांतरण, निजी जीवन या किसी अन्य कारण से वे मानसिक तनाव में थे। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। उसकी लिखावट का सत्यापन भी कराया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *